जींद। युवक को विदेश में नौकरी दिलवाने के नाम पर ढाई लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
भिवानी रोड स्थित भूपेंद्र नगर निवासी बबली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भानजा विक्की बेरोजगार था। उसने इंस्टाग्राम पर एक कंंपनी का विदेश में नौकरी दिलाने का विज्ञापन देखा। जब उसने कंपनी के दिए गए नंबर पर बात की तो उसकी बात नैना नाम की लड़की से हुई। उसने बताया कि कंपनी की सीईओ पूनम अहलावत और पूनम शर्मा कनाडा, यूके, सऊदी अरब, जॉर्जिया व रशिया जैसे देशों में युवक-युवतियों को भेजते हैं। पूनम अहलावत और पूनम शर्मा ने उन्हें अपने कार्यालय रोहतक में बुलाया। उन्होंने तरह-तरह के प्रलोभन दिए और उससे ढाई लाख रुपये की मांग की। इसके बाद उन्होंने राशि दे दी।
पांच अप्रैल को फोन करके बताया कि वीजा लग गया है। छह अप्रैल को वह उनके पास गए। वहां जाने के बाद देखा कि विक्की का तो टूरिस्ट वीजा लगा है तो उन्होंने कहा कि वह टूरिस्ट वीजा को वर्क वीजा में कन्वर्ट करवा देंगे। इसके बाद उन्होंने विक्की की दस अप्रैल की टिकट करवा दी। जब विक्की दुबई के एयरपोर्ट पर उतरा तो वहां उसे एक युवक मिला, उसने खुद को पूनम अहलावत और पूनम शर्मा का एजेंट बताया। वह विक्की को किसी जगह ले गया, जहां एक ही कमरे में कई कई युवक थे।
वहां उनके पासपोर्ट छीन लिए गए और उन्हें एक कंपनी में उन्हें बंधक बनाया गया, जहां 12-12 घंटे काम करवाया गया। विक्की को धमकी दी गई कि यदि उनके अनुसार काम नहीं किया गया तो भारत नहीं पहुंच सकोगे। जब उन्होंने पासपोर्ट दिलवाने को कहा तो आरोपियों ने एक लाख रुपये की मांग की। जब वह आरोपियों के कार्यालय में गई तो पता लगा कि वह कार्यालय छोड़ कर कहीं और भाग गए। जांच अधिकारी एसआई रीना रानी ने बताया कि पुलिस ने दो महिला को नामजद कर उनके खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि ऐंठने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।