26जेएनडी14-पुलिस गिरफ्त में लूट की वारदात को अंजाम देने का आरोपी। स्रोत पुलिस
जींद। सफीदों में तलवार के बल पर कोरियर कंपनी कर्मचारी से 15 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान करनाल जिले के प्योंत निवासी कमल और दूसरा नाबालिग मिला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
15 अप्रैल को कारखाना गांव निवासी अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपनी ब्लू डार्ट कोरियर कंपनी में लगा हुआ है। वह अपना काम निपटाकर देर शाम को असंध से सफीदों की तरफ आ रहा था तो रास्ते में बाइक पर सवार होकर दो युवक पीछे से आए और उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद उन्होंने तलवार निकाली और उसे धमकी देते हुए उसका मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी कमल सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी नाबालिग है तो दूसरे आरोपी की पहचान करनाल जिले के प्योंत निवासी कमल के रूप में हुई। आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयोग किया गया हथियार और लूटी गई नकदी को बरामद किया जाएगा।