जींद। मृत महिला की जगह दूसरी महिला को दिखाकर स्मॉल फाइनेंस बैंक से साढ़े दस लाख रुपये का ऋण लेकर हड़पने के आरोप में शहर थाना पुलिस ने दो आरोपियों रोजला निवासी हरदीप और राजगढ़ गांव निवासी राजबीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
अदालत में दायर याचिका में स्मॉल फाइनेंस बैंक मैनेजर हेमंत ने कहा है कि मार्च 2020 में जुलाना निवासी राजबीर तथा विकास ने उनके बैंक से 20 लाख रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया। इसमें उन्होंने अपनी मां शांति देवी की प्रापर्टी की गारंटी दी। आवेदनकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स से ऋण लिया हुआ है। ओबीसी का ऋण व आपसे ऋण लेकर चुकता कर देंगे। बैंक कर्मचारी ने शांति देवी की प्रापर्टी का जायजा लिया और शांति देवी बताई गई दूसरी महिला से भी बातचीत की। इसके आधार पर बैंक ने उनको दस लाख 47 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध करवा दिया तथा बाकी पैसे गारंटी के दस्तावेज मिलने के बाद देने को कहा। बैंक ने जब गारंटी के दस्तावेज मांगे तो आरोपियों ने दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवाए।
इसके बाद बैंक अधिकारियों को पता चला कि शांति देवी की मौत 18 मई 2019 को हो चुकी है। जिस बुजुर्ग महिला से बैंक कर्मचारी मिले थे, वह शांति देवी नहीं थी। इस मामले में पुलिस ने जुलाना निवासी राजबीर, गांव लिजवाना कलां निवासी विकास को नामजद करते हुए कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी विरेंद्र ने बताया कि बैंक के साथ धोखाधड़ी कर ऋण लेने के मामले में रोजला निवासी हरदीप व राजगढ़ निवासी राजबीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।