24जेएनडी30-नाले से ओवर फ्लो होकर भरा गंदा पानी। स्रोत: संवाद
उचाना। सर्विस रोड पर बनाए गए पानी निकासी के नाले लोगों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। नालों की नियमित सफाई न होने और उनमें कूड़ा-कर्कट भरने से सड़क पर पानी जमने की समस्या गहरा गई है। पानी भरने से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। जिससे वाहन चालकों को हर समय हादसे का डर सताता रहता है।
इसके कारण यहां से गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सर्विस रोड निर्माण के साथ ही नाले तो बना दिए गए लेकिन इनकी देखरेख पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। नालों के टूटे हिस्सों से पानी सीधे सड़क पर गिरता है और बारिश के मौसम में यह समस्या और ज्यादा गंभीर हो जाती है।
स्थिति यह है कि नालों का पानी बहकर सर्विस रोड के साथ-साथ हाइवे पर भी भर जाता है।
दुकानदार संदीप ने कहा कि नालों की सफाई न होने के कारण इनमें कूड़ा-कर्कट भरा रहता है। जिससे पानी का बहाव अवरुद्ध हो जाता है। नाले इतने भर चुके हैं कि पानी सड़क पर फैलने लगता है। सड़क पर गड्ढे बन गए हैं और कई बार दोपहिया वाहन सवार हादसों का शिकार होते हैं। इससे उनकी दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है।
दुकानदार ऋषि ने बताया कि पानी भरने से ग्राहकों का आना-जाना भी प्रभावित होता है। कई बार तो दुकानों के सामने कीचड़ और पानी जमा होने से व्यापार भी प्रभावित होता है। वहीं, राहगीरों को भी कीचड़ भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है।
दुकानदार राजबीर का कहना है कि सर्विस रोड पर रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं और गड्ढों व पानी भरे हिस्सों के कारण दुर्घटना की संभावनाएं बढ़ गई हैं। कई छोटे हादसे अब तक हो चुके हैं,लेकिन विभाग की ओर से इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया है।
सर्विस रोड पर पानी भरने की गंभीर समस्या है। वह एनएचएआई के अधिकारियों से इस संबंध में बातचीत कर नालों की सफाई व मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाएंगे।
- दलजीत सिंह एसडीएम उचाना