भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के तहत शनिवार को जींद शहर में यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान सिर्फ तिरंगे झंडे ही लगाए जाएंगे। विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि इस दौरान भाजपा का झंडा नहीं लगाया जाएगा। यह यात्रा सिर्फ शहीदों को समर्पित रहेगी।
शुक्रवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. मिड्ढा ने कहा कि सरकार द्वारा शहीदों को सम्मान देने के लिए कई कदम उठाए हैं। ऐसे में शहर के रानी तालाब पर 100 फुट ऊंचा तिरंगा लगाया जाएगा। तिरंगा यात्रा सुबह साढ़े नौ बजे जयंती देवी मंदिर से शुरू होगी और रानी तालाब तक आएगी। आयोजित किया जाएगा। इस यात्रा में जिलेभर से लोग शामिल होंगे।
इस दौरान अटल पार्क में करीब डेढ साल पहले गुणवत्ता पर उठाए गए सवाल पर उन्होंने बताया कि अभी जांच चल रही है। इसकी शिकायत शहरी स्थानीय निकाय मंत्री को भी दी गई है। उन्होंने कहा कि जयंती देवी मंदिर के सामने बनी अस्थायी नंदीशाला को बीड़ में बनी नंदीशाला के साथ ही शिफ्ट किया जाए। यह जमीन बागवानी विभाग की है और इसको शहरी स्थानीय निकाय विभाग को देने का प्रस्ताव भी भेजा गया है। यहां लोगों की सुविधा के लिए पार्क व सामुदायिक केंद्र बनाया जा सकता है। अस्थायी नंदीशाला से गायों को श्री कृष्ण गोशाला में शिफ्ट किया जाएगा। इस गोशाला में करीब तीन हजार गायों को रखने की क्षमता है, लेकिन यहां करीब 700 गायें ही हैं।