जींद। रेलवे जंक्शन की नई बिल्डिंग में मई माह के दौरान टिकट बुकिंग शुरू हो जाएगी। इसके बाद यात्रियों को नई बिल्डिंग में ही बुकिंग और टिकट मिलेगी, क्योंकि रेलवे जंक्शन की बिल्डिंग के नवीनीकरण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। वहीं फर्श, पुताई और टाइल लगाने का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। अब जल्द ही यह कार्य भी पूरा हो जाएगा। इसके बाद नई बिल्डिंग में टिकट बुकिंग का कार्य शुरू हो जाएगा। फिर फेज-2 में पार्क, सड़क और पार्किंग का कार्य शुरू होगा। वहीं प्लेटफार्म के नवीनीकरण, शेड का निर्माण कार्य ने भी जोर पकड़ा हुआ है। शेड लगाने के लिए ढांचा बना दिया है। अब शेड लगाने का कार्य चल पड़ा है। वहीं प्लेटफार्म को ऊंचा उठाने का निर्माण चल रहा है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अगस्त 2023 में जींद और नरवाना रेलवे जंक्शन के नवीनीकरण का काम शुरू हुआ था। नवीनीकरण के काम पर करीब 25 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। मई माह में नवीनीकरण का काम पूरा हो जाएगा। नवीनीकरण के पहले चरण में जंक्शन भवन, अधिकारियों के कार्यालय और यात्रियों की सुविधा के लिए कार्य होने थें। इसके बाद फ्यूचर बिल्डिंग, शेड, फुट ओवरब्रिज का निर्माण, स्टोर समेत दूसरे निर्माण दूसरे फेज में किए जाएंगे। जंक्शन का नया भवन शानदार और सुविधाओं से लैस हैं। जंक्शन पर 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज का निर्माण होगा। साथ ही प्लेटफार्म पर छह स्वचालित सीढ़ियां और चार लिफ्ट लगाई जाएंगी। इससे वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग और अन्य यात्रियों को सामान के साथ चढ़ने-उतरने में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। फुटओवर ब्रिज स्टील गार्डर से तैयार होगा।
ये होगा रेलवे जंक्शन का नवीन रूप
नए भवन में यात्रियों को पार्क के साथ-साथ पार्किंग की भी सुविधा मिलेगी। जंक्शन के भवन की लंबाई 30 मीटर से ज्यादा होगी। भवन से बाहर निकलते ही पोर्च बनाया जाएगा, जहां तक यात्री अपनी कार भी ले जा सकेंगे। भवन से बाहर निकलते ही सामने पार्क होगा, जिसमें 50 फुट ऊंचा तिरंगा लगाया जाएगा। नया भवन बनने के बाद यात्रियों के लिए परिसर में बड़ा वेटिंग हॉल बनेगा। इसके अलावा रिफ्रेशमेंट रूम और कर्मचारियों को आराम करने के लिए भी कमरों का निर्माण होगा। धूप और बारिश से बचने के लिए यात्रियों को शेड की सुविधा भी मिलेगी। जंक्शन के चारों प्लेटफार्म का भी जीर्णोद्धार होना है। प्लेटफार्म और शेड के निर्माण पर करीब 8 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। जंक्शन पर अंदर कैफेटेरिया, एक जंक्शन एक उत्पाद वाला स्टाल, प्रतीक्षालय, शौचालय, प्लेटफार्म शेल्टर का विकास, जल बूथ, मोनो रंग के डिस्पले बोर्ड, जीपीएस आधारित प्लेटफार्म घड़ी लगेगी। यात्री उद्घोषणा प्रणाली को बेहतर करने के साथ ही मुफ्त वाई-फाई की सुविधा भी मिलेगी।
रेलवे जंक्शन की नई बिल्डिंग का कार्य 90 प्रतिशत से ज्यादा पूरा हो गया है। अब पुताई, टाइल लगाने और फर्श का कार्य चल रहा है। यह मई माह में पूरा हो जाएगा।
-संदीप कुमार, कनिष्ठ अभियंता, रेलवे