जींद। अर्बन एस्टेट में पूनिया अस्पताल के पास तीन बाइक सवार अज्ञात युवकों ने एक कार पर गोली दाग दी। इसमें कार चालक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने कार चालक की शिकायत पर एक युवक को नामजद करते हुए दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में अर्बन इस्टेट निवासी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि वह दोपहर को लगभग डेढ़ बजे अपनी कार से अपने घर की तरफ जा रहा था। जब वह पूनिया अस्पताल के आसपास पहुंचा तो सामने से एक प्लसर बाइक पर आए तीन युवकों ने उसकी तरफ गोली चला दी। गोली उसकी कार को लगी, इसके बाद आरोपी फरार हो गए। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि इनमें एक युवक हिसार जिले के गांव नाड़ा निवासी विपिन था, जिसको उसने पहचान लिया। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि उसके साथ इनकी कोई रंजिश भी नहीं है, पता नहीं फिर उस पर गोली क्यों चलाई। पुलिस ने विपिन को नामजद करते हुए दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।