जींद, नरवाना । डूमरखा खुर्द गांव के एक मकान से चोर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
डूमरखा खुर्द गांव निवासी महिला पुष्पा देवी ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 फरवरी को वह हिसार के निजी अस्पताल से दवाई लेने के लिए गई हुई थी। अगले दिन दोपहर को जब वह आई तो घर के चौबारे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। अलमारी के ताले टूटे हुए थे, जिसमें रखी हुई एक तोले की सोने की चेन, दो तोले का मंगलसूत्र, दो जोड़ी पाजेब, सोने का लॉकेट, चुटकी, तीन चांदी के सिक्के और सोने की बाली गायब मिली। जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।