जींद। सदर थाना क्षेत्र नरवाना के गांव खरड़वाल में चार युवकों ने एक युवक का अपहरण कर लिया और उसके अकाउंट से दस हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
खरड़वाल निवासी अंकुश ने एफआईआर में बताया कि 24 अप्रैल शाम के समय वह दूध लेने गया था और जब वह वापस आ रहा था तो गांव सातरोड कलां निवासी प्रिंस और साहिल के साथ गोल्डी और एक अन्य युवक मिले।
फिर उन्होंने काले रंग की स्कॉर्पियो में उसे बैठा लिया। उसके बाद वह उसे गाड़ी में घुमाते रहे और इसके बाद उसे सातरोड कलां गांव ले गए। उन्होंने रास्ते में दस हजार रुपये प्रिंस के खाते में उससे ट्रांसफर भी करवाए। इसके बाद किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में प्रिंस, साहिल, गोल्डी और एक अन्य के खिलाफ अपहरण करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।