हैबतपुर पुल के पास 17 अगस्त की रात को पकड़े गए शिव कॉलोनी के विवेक को अवैध पिस्तौल बेचने वाले आरोपी शामलो कलां गांव निवासी राकेश को सीआईए स्टाफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उसने अवैध पिस्तौल यूपी से ट्रैक्टर से गुड़ बेचने आने वाले लोगों से 45 हजार रुपये में खरीदा था। उसने अपने दोस्त विवेक को भी इतने ही रुपये में बेच दिया था। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया है।
सीआईए एचसी संजीत ने बताया था कि उन्हें 17 अगस्त की रात में सूचना मिली थी कि हैबतपुर बाईपास पुल पर एक युवक खड़ा है, जोकि अवैध पिस्तौल लिए हुए है। सीआईए तुरंत टीम गठित कर मौके पर पहुंची। वहां एक युवक खड़ा दिखाई दिया। वह पुलिस की गाड़ी को देखकर भागने लगा तो पीछा करके उसे पकड़ लिया गया था। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 32 बोर का अवैध पिस्तौल और 2 कारतूस मिले थे। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान शहर की शिव कॉलोनी के विवेक के तौर पर बताई थी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस मामले में युवक को नामजद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह पिस्तौल शामलो गांव के राकेश से खरीदा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया था। सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि आरोपी शामलो कलां गांव के राकेश को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, गया जहां से उसे अदालत के आदेश पर जिला जेल भेज दिया गया है।