जींद। नागरिक अस्पताल के नए भवन में 24 घंटे चलने वाली एक्सरे सुविधा बंद हुए दो माह से अधिक समय हो चुका है लेकिन हालात में कोई बदलाव नहीं आया है। अस्पताल में चल रहे जीर्णोद्वार के कारण एक्सरे रूम का काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। इसकी वजह से रात में आने वाले मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल में केवल दिन के समय में टीबी वार्ड में चल रही मशीन में एक्सरे हो रहे हैं। चोट लगने, सड़क दुर्घटना या किसी अन्य आकस्मिक स्थिति में रात के समय अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को एक्सरे के लिए सुबह होने का इंतजार करना पड़ता है क्योंकि टीबी वार्ड की मशीन सुबह ही चलाई जाती है। अस्पताल प्रशासन ने करीब दो महीने पहले एक्सरे रूम में मरम्मत और जीर्णोद्वार का काम शुरू करवाया था।
उद्देश्य था कि कमरा आधुनिक सुविधाओं से लैस हो सके और मरीजों को बेहतर सेवा मिल सके लेकिन काम निर्धारित समय में पूरा नहीं हो पाया। निर्माण कार्य में देरी का खामियाजा सीधे तौर पर मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। एक्सरे मशीन तो अस्पताल में मौजूद है लेकिन रूम तैयार नहीं होने के कारण इसे चालू नहीं किया जा सकता। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया जीर्णोद्वार ही अब मरीजों की राह में बाधा बनता जा रहा है।
रात में आने वाले आपातकालीन मरीजों की स्थिति सबसे अधिक गंभीर हो जाती है। सड़क हादसों में घायल लोगों या किसी अन्य गंभीर समस्या में पड़े मरीजों को जांच की जरूरत होती है लेकिन एक्सरे सेवाएं उपलब्ध न होने के कारण उन्हें सुबह तक इंतजार करने को मजबूर होना पड़ता है। कई मामलों में देर से होने वाला एक्सरे उपचार को प्रभावित कर सकता है और मरीज की हालत पर भी असर डालता है।
दिन में एक्सरे का काम मजबूरन टीबी वार्ड में करवाया जा रहा है। यह व्यवस्था अस्थाई जरूर है, लेकिन मरीजों के लिए जोखिम भी बढ़ाती है, क्योंकि टीबी वार्ड में संक्रमण का खतरा हमेशा बना रहता है। अस्पताल आने वाले मरीजों के लिए यह अस्थाई व्यवस्था गंभीर बनने का डर रहता है।
वर्जन
जीर्णोद्धार के काम में देरी ठेकेदार की ओर से हो रही तकनीकी वजह से है। काम तेजी से करवाने के लिए संबंधित विभाग को कई बार पत्र भी लिखे गए हैं। उनके अनुसार एक्सरे रूम का निर्माण चला हुआ है। इस काम को पूरा होने में लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है। इसके बाद मरीजों के लिए 24 घंटे एक्सरे शुरू करवाए जाएंगे।-डॉ. रघुवीर सिंह पूनिया, पीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।
फोटो कैप्शन
06जेएनडी05: नागरिक अस्पताल में जीर्णोद्धार के चलते बंद पड़ी एक्सरे सुविधा। संवाद