परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षार्थियों की जांच करते कर्मी।
- फोटो : jind
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा क्लर्क पद के लिए आयोजित की गई लिखित परीक्षा रविवार को शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए थे। शहर के 15 स्कूल व कॉलेजों में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षार्थियों ने लिखित परीक्षा दी। दो सत्रों में हुई इस परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर किसी तरह का कागज व अन्य वस्तु नहीं ले जाने दी गई।
गौरतलब है कि हरियाणा कर्मचारी आयोग द्वारा क्लर्क पद के लिए तीसरे चरण की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को संपन्न करवाने के लिए जिला मुख्यालय पर 15 सेंटर स्थापित किए गए थे। राजकीय महिला महाविद्यालय और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भवन के अलावा अर्बन इस्टेट स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नजदीक पुरानी सब्जी मंडी स्कूल, भारत सिनेमा के पास राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवन, रानी तालाब के पास एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जाट कॉलेज भवन में दो-दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। वहीं, डिफेंस कॉलोनी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक केंद्र बनाया गया था। प्रात:कालीन सत्र सवेरे साढ़े दस बजे से 12 बजे तक और सायंकालीन सत्र तीन से साढ़े चार बजे तक रहा।