जींद। नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है। अस्पताल में पिछले दो माह से बंद पड़ी एक्स-रे जांच सुविधा इसी सप्ताह में दोबारा शुरू होने जा रही है। एक्स-रे कक्ष में चल रहा जीर्णोद्वार का काम पूरा हो गया है। अब मशीन को इंस्टाल किया जाना है।
अब अस्पताल प्रशासन ने इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। एक्स-रे कक्ष के जीर्णोद्धार कार्य के चलते यह सेवा अस्थाई रूप से बंद की गई थी। इससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अस्पताल में 14.91 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे रेनोवेशन कार्य के तहत एक्स-रे कक्ष का भी नवीनीकरण किया गया है।
पुराने कक्ष में ही कुछ बदलाव किए गए हैं। यह सुरक्षा मानकों के अनुरूप बदलाव जरूरी थे। इसी कारण एक्स-रे मशीन को बंद कर कक्ष के मरम्मत व सुदृढ़ीकरण का कार्य किया गया। अब कार्य पूरा होने के बाद मशीन को दोबारा इंस्टॉल किया जाना है। पिछले दो महीनों से एक्स-रे सुविधा बंद होने के कारण मरीजों को निजी लैबों का सहारा लेना पड़ रहा था।
खासकर हादसों में घायल, हड्डी रोग से संबंधित मरीजों और इमरजेंसी में रात के समय आने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही थी। कई बार चिकित्सकों को भी जांच रिपोर्ट के अभाव में इलाज में देरी करनी पड़ती थी।
24 घंटे मिलेगी जांच सुविधा
एक्स-रे सेवा शुरू होने के बाद इसे 24 घंटे उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि दिन के साथ-साथ रात के समय आने वाले इमरजेंसी मरीजों को भी तत्काल जांच की सुविधा मिल सके। इसके लिए रेडियोग्राफर व अन्य स्टाफ की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार तैनाती की जाएगी। सड़क हादसों और गंभीर मरीजों के उपचार में तेजी आएगी। नागरिक अस्पताल में रोजाना सैंकड़ों मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में एक्स-रे जैसी बुनियादी जांच सुविधा का उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।
एक्स-रे कक्ष में चल रहा जीर्णोद्धार का काम पूरा हो गया है। अब इसी सप्ताह में एक्स-रे शुरू करवाए जाएंगे ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके।
- डॉ. रघुवीर पूनिया, पीएमओ नागरिक अस्पताल, जींद।