संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। पेड़ों की कटाई को लेकर दर्ज शिकायत की जांच के लिए रोहतक से पहुंची विजिलेंस टीम ने करीब छह महीने से बंद पड़े बाबा गैबी साहब के निकट स्थित तालाब सुंदरीकरण कार्य का सोमवार को निरीक्षण किया।
टीम के सदस्यों ने तालाब की खुदाई, आसपास की जमीन, प्रस्तावित पार्क स्थल और अन्य निर्माण बिंदुओं की बारीकी से जानकारी जुटाई। विजिलेंस टीम ने निरीक्षण के दौरान फोटोग्राफी भी की ताकि जांच रिपोर्ट में सभी पहलुओं को शामिल किया जा सके। निरीक्षण पूरा होने के बाद आसपास के स्थानीय लोगों को भी बुलाया और पूरे मामले को दोबारा सुना गया।
स्थानीय लोगों ने एकमत होकर कहा कि उन्हें तालाब के सुंदरीकरण कार्य से कोई आपत्ति नहीं है और यह कार्य जल्द से जल्द शुरू होना चाहिए। टीम के यहां से रवाना होने से पहले एसडीओ महेंद्र यादव ने तीन मौजिज व्यक्तियों के बयान भी दर्ज किए।
सभी से कार्य को लेकर सहमति ली गई और उनके हस्ताक्षर करवाए गए। टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस शिकायत पर शिकायतकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं उन्हें भी जांच में शामिल होना जरूरी है। इसके लिए शिकायतकर्ताओं को बुलाने की बात कही गई लेकिन कोई भी शिकायतकर्ता टीम के सामने उपस्थित नहीं हुआ।
विजिलेंस जांच के बाद जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद
बाबा गैबी साहब के निकट स्थित तालाब का सुंदरीकरण करोड़ों रुपये की लागत से प्रस्तावित है। कार्य का विधिवत शुभारंभ भी किया गया था और तालाब की खुदाई का काम पूरा हो चुका था। हालांकि जुलाई माह में कुछ लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुंदरीकरण की आड़ में 400 से 500 साल पुराने बरगद और पीपल के पेड़ों को काटा जा रहा है जबकि एस्टीमेट में ऐसा नहीं है। शिकायत के बाद कार्य और भुगतान पर रोक लगा दी गई थी। अब विजिलेंस जांच के बाद जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
-
विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी
एसडीओ महेंद्र यादव ने कहा कि शिकायतकर्ताओं के उपस्थित न होने पर उनके खिलाफ नोटिस जारी किए जाएंगे और उनसे एफिडेविट भी लिए जाएंगे। दर्ज बयानों और निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
बाबा गैबी साहब आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसका क्षेत्र वार्ड नंबर-3 में आता है। इसके समीप तालाब का हो रहा सुंदरीकरण पूर्ण होने के बाद शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा। यह कार्य किसी एक व्यक्ति के हित में नहीं बल्कि पूरे शहर की सुंदरता और पहचान को निखारने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक सहयोग की अपील की और कार्य में बाधा डालने वालों से संयम बरतने का आग्रह किया।
–आशुतोष शर्मा , वार्ड 3 पार्षद, नरवाना।