जींद। नागरिक अस्पताल में जन्म-मृत्यु विंग की कार्यप्रणाली जांचने को लेकर केंद्र से आई टीम ने निरीक्षण किया। टीम का नेतृत्व केंद्र सरकार स्टेटिक्स के जॉइंट डायरेक्टर डाॅ. आरपी सिंह ने किया। उनके साथ सहायक के तौर पर गुरविंद्र सिंह भी मौजूद रहे। निरीक्षण टीम ने जन्म-मृत्यु विंग कर्मियों से बातचीत की। यहां सामने आया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा में सर्वर डाउन रहने से कार्य करने में परेशानी आती है।
इससे कर्मियों के साथ-साथ आमजन को भी परेशानी होती है। ऐसे में जल्द ही समस्या का निदान करने का आश्वासन टीम द्वारा दिया गया। इसके साथ ही टीम ने कहा कि मृत्यु प्रमाण पत्र बनाते हुए उसमें मौत के कारण का उल्लेख अवश्य किया जाए। केंद्र सरकार स्टेटिक्स के ज्वायंट डायरेक्टर डाॅ. आरपी सिंह ने नागरिक अस्पताल में जन्म-मृत्यु विंग की कार्यप्रणाली को लेकर निरीक्षण किया। टीम के साथ नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डाॅ. राजेश भोला व अन्य सहयोगी कर्मी मौजूद रहे। टीम ने दो घंटे तक यहां कार्यप्रणाली के बारे में बातचीत की। नागरिक अस्पताल में जन्म-मृत्यु शाखा में रोजाना ही 50 से 60 आवेदन पहुंच रहे हैं।