संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। निपुण हरियाणा मिशन के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा पहली से तीसरी के विद्यार्थियों का व्यक्तिगत आकलन अब 29 और 30 दिसंबर को किया जाएगा। पहले यह आकलन 22 और 23 दिसंबर को किया जाना था लेकिन शिक्षक संघों की मांग पर अब निदेशालय की ओर से अपडेट शेड्यूल जारी किया गया है।
शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार, जनगणना समूहीकरण अभ्यास-2 दो अलग-अलग दिनों में किया जाएगा। 29 दिसंबर को भाषा हिंदी का आकलन होगा, जिसमें वर्ण, शब्द, वाक्य एवं अनुच्छेद पठन को निपुण लक्ष्यों के अनुसार परखा जाएगा।
30 दिसंबर को गणित विषय का आकलन किया जाएगा, जिसमें संख्या पहचान, जोड़, घटाव एवं गुणा का मूल्यांकन किया जाएगा। आकलन प्रक्रिया के लिए टीजीटी और पीजीटी शिक्षकों को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है।
डीईईओ कार्यालय से प्राप्त सूचियों के अनुसार विद्यालय आवंटन किया गया है और इन शिक्षकों को अभ्यास-2 के दौरान अन्य कोई कार्य नहीं सौंपा जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक क्लस्टर में अतिरिक्त पर्यवेक्षकों को रिजर्व में रखा जाए ताकि किसी भी स्थिति में आकलन प्रभावित न हो।
विद्यार्थी डेटा एमआईएस पर अपडेट हो
प्रत्येक विद्यार्थी का व्यक्तिगत आकलन निपुण हरियाणा शिक्षक ऐप के माध्यम से किया जाएगा। इसमें प्रति विषय पांच से दस मिनट का समय निर्धारित है। पर्यवेक्षक कक्षा शिक्षक की लॉगिन क्रेडेंशियल्स का उपयोग करते हुए एप पर पूरा करेंगे। सभी कक्षा शिक्षकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि उनकी लॉगिन आईडी सक्रिय हो और विद्यार्थी डेटा एमआईएस पर अपडेट हो। यह एक नैदानिक अभ्यास है परीक्षा नहीं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के पठन एवं गणित में आधारभूत स्तर का आकलन कर उनके अधिगम स्तर की पहचान करना है ताकि शिक्षकों को सीखने के परिणामों में सुधार के लिए प्रभावी योजना बनाने में सहायता मिल सके।
-
इस परीक्षा का उद्देश्य यह जानना है कि तीसरी कक्षा के बच्चे को दूसरी कक्षा का विषय आता है या नहीं। दूसरी और तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों को हिंदी की पूर्ण जानकारी हो।
-राजेश वशिष्ठ एफएलएन, जिला कोऑर्डिनेटर।