जींद। राष्ट्र स्तर पर ट्रेड यूनियन व कर्मचारी संगठनों द्वारा की गई हड़ताल का जिले भर में असर रहा। हालांकि बिजली-पानी व स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रही, लेकिन परिवहन, सफाई व बैंकिंग क्षेत्र पर काफी असर पड़ा। मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे रोडवेज की बस सेवा बहाल हो गई। ऐसे में बुधवार से लोगों को अन्य सुविधाएं भी मिलनी शुरू हो जाएंगी।
जिले में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के चलते दिन भर यात्री नए व पुराने बस स्टैंड पर भटकते रहे। हालांकि निजी परिवहन सेवा चालू रही, लेकिन इन बसों के लिए यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा। ऐसे में छोटे निजी वाहन व मैक्सी कैब लोगों के लिए सहारा बनी और बस स्टैंड से यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाया। दूसरी ओर नगर परिषद के सभी 213 सफाई कर्मचारी लगातार दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। शहर में कूड़े का उठान व सड़कों पर सफाई का काम प्रभावित रहा। हालांकि बुधवार से सफाई का काम सामान्य हो जाएगा। इसके अलावा बैंकिंग व डाक सेवा भी हड़ताल के कारण बाधित हुई।
कर्मचारियों व मजदूर संगठनों ने किया प्रदर्शन
इसके अलावा जिले भर में कर्मचारी व मजदूर संगठनों ने प्रदर्शन कर रोष जताया। इन लोगों ने कहा कि सरकार देश की सरकारी संपत्ति को निजी हाथों में बेच रही है। इससे शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी आधारभूत सुविधाएं आम लोगों की पहुंच से बाहर जा रही हैं। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को मजबूत करने व मजदूर व कर्मचारियों को उचित सुविधा देने के लिए हड़ताल की जा रही है।