नरवाना। राजीव गांधी सनातन धर्म सह शिक्षा महाविद्यालय में शुक्रवार को उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय ‘जेन-एच आइडियाथॉन-2026’ का सीधा प्रसारण विद्यार्थियों को दिखाया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और युवाओं को नवाचार, रचनात्मक सोच एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या डॉ. बबीता गर्ग ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई थी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में नए विचारों, रचनात्मक सोच और उद्यमिता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्था प्रशासक एवं उपमंडल अधिकारी जगदीश चंद्र ने कहा कि वर्तमान समय नवाचार और नए व्यवसायों का है।
सरकार की ऐसी पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का बेहतर मंच प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया। विश्व उद्यमिता दिवस पर महाविद्यालय की प्रशिक्षण एवं कार्यानुभव प्रकोष्ठ की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।