जींद। लघु सचिवालय में सोमवार को आयोजित बैठक में मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना में जिले के प्रथम चरण में 6404 पात्र लाभार्थियों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 4636 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं जिनमें से 1365 लाभार्थियों को लाभ दिया जा चुका है।
डीसी ने बताया कि जिले के 410 सरकारी भवनों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाने हैं। इनमें से 327 भवनों का डेटा पोर्टल पर अपलोड हो चुका है और 128 का सर्वे पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बिजली विभाग, नगर निकाय और पंचायत विभाग को आपसी तालमेल से शिविर लगाने के निर्देश दिए ताकि लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके। डीसी ने बताया
एक लाख 80 हजार से कम आय,दो किलोवाट तक के पैनल पर केंद्र से 60 हजार और हरियाणा सरकार से 50 हजार, एक लाख दस हजार का अनुदान मिलेगा।
एक लाख 80 हजार से तीन लाख आय, 2 किलोवाट पर केंद्र से 60 हजार और राज्य से 20 हजार 80 हजार की सब्सिडी मिलेगी। 3 किलोवाट से ज्यादा पर केंद्र सरकार की तरफ से 78 हजार का अनुदान दिया जाएगा। केंद्र की सब्सिडी के लिए आय की कोई सीमा नहीं है।
अतिरिक्त बिजली से होगी कमाई डीएचबीवीएन के एससी मदनलाल सुखीजा ने बताया कि यह पैनल प्रतिमाह 300 यूनिट तक बिजली उत्पादन करेंगे। यदि खपत से अधिक बिजली बनती है, तो उसे सरकार खरीदेगी, जिससे मकान मालिक को अतिरिक्त आय होगी। वहीं एलडीएम अनुपम मरांडी ने बताया कि सोलर पैनल के लिए बैंकों के माध्यम से दो लाख तक का रियायती ऋण भी उपलब्ध है। इस अवसर पर एडीसी प्रदीप कुमार, डीएमसी सुरेंद्र दून और बिजली विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।