सफीदों। लुदाना गांव में 15 नवंबर को घर के बाहर बुलाकर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाए गए व्यक्ति की रोहतक पीजीआई में मौत हो गई है। पिल्लूखेड़ा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
लुदाना गांव निवासी चांदराम ने अपनी मौत से पहले पुलिस को बयान दर्ज कराए थे। दर्ज बयान में चांदराम ने बताया था कि 15 नवंबर को वह घर पर थे। इस बीच मकान के बाहर से किसी ने उन्हें आवाज दी। जब वह आवाज सुनकर गेट की तरफ गए तो एक व्यक्ति ने उन पर दो लीटर पेट्रोल की बोतल उड़ेलकर आग लगा दी थी। बचाव के लिए जब चांदराम ने शोर मचाया तो आरोपी फरार हो गया था। वहीं, परिजनों ने आग बुझाकर नागरिक अस्पताल में पहुंचाया था। यहां से गंभीर हालात के चलते चांदराम को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया था। सोमवार को इलाज के दौरान चांदराम ने दम तोड़ दिया। इधर, लुदाना चौकी इंचार्ज एएसआई बिजेंद्र ने बताया है कि आग पुलिस ने चांदराम की हत्या के मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।