22जेएनडी24-गोहाना रोड स्थित पुराना बस स्टैंड का फोटा, जो जर्जर हालत में है। संवाद
जींद। गोहाना रोड पर स्थित पुराना बस स्टैंड की बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है। मार्च 2022 की शुरूआत में पांडू पिंडारा में नया बस स्टैंड शिफ्ट हुआ था। उसके बाद इसकी संभाल नहीं हुई।
उस समय पुराने बस स्टैंड की जगह शहर पुलिस थाना शिफ्ट करने और मल्टीपर्पज हॉल बनने की भी योजना बनी थी जो संबंधित विभाग द्वारा रोडवेज के पास भेजी थी। रोडवेज अधिकारियों ने इसके बारे में मुख्यालय और उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया था लेकिन यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई।
जब 2022 में पिंडारा बाईपास के पास नया बस स्टैंड शुरू हुआ था तो बसों को बाईपास से होते हुए शहर के बाहर से चलाने के निर्देश दिए गए थे। ऐसे में पुराने बस स्टैंड व एसडी स्कूल के दुकानदारों का व्यापार प्रभावित होने लगा था। दुकानदारों ने दुकान बंद कर रोष जताया और फिर से इसी रूट से बस चलाने की मांग की थी।
शहर के अंदर से बसों का संचालन कम होने के कारण दुकानदारों का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं शहर में राजकीय पीजी कॉलेज, राजकीय महिला कॉलेज और नागरिक अस्पताल में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। शुरुआत में जब बस स्टैंड शिफ्ट हुआ था तो शहरवासियों की सुविधा के लिए चार सिटी बस सर्विस भी शुरू की गई थी। बाद में बसों की संख्या भी घटती गई और अभी सिटी बस सर्विस लगभग एक साल से बंद है लेकिन पुराने बस स्टैंड की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
वर्जन
पुराना बस स्टैंड की जगह पर नया क्या रहेगा, यह सरकार और रोडवेज मुख्यालय को निर्णय लेना है। उनके आने से पहले पुराने बस स्टैंड की जगह दूसरी परियोजना को लेकर योजना बनी थी। नए बस स्टैंड से बसों का संचालन सुचारू रूप से चल रहा है।-राहुल जैन, रोडवेज महाप्रबंधक जींद डिपो।