28जेएनडी24-बस अड्डा पर लगे प्याऊ में पानी नहीं होने के कारण बिना प्यास बुझाए लौट रहे यात्री। स्
जींद। बस अड्डे पर सामाजिक संस्था की तरफ से पेयजल के लिए लगाई गई टंकी में वीरवार को पानी नहीं आया। इसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मोटर खराब होने के कारण टंकी में पानी नहीं चढ़ पा रहा था। वहीं पार्किंग के पास बनी दूसरी टंकी में पानी ठंडा नहीं था, जिससे यात्रियों को खासी परेशानी हुई।
करीब दो साल पहले शहर की एक सामाजिक संस्था ने बस अड्डे पर पीने के पानी के लिए टंकी बनवाई थी। इसकी मोटर बुधवार शाम को खराब हो गई थी। वीरवार दोपहर तक भी मोटर ठीक नहीं हो पाई। ऐसे में यात्री बार-बार प्यास बुझाने के लिए टंकी की तरफ जाते लेकिन वहां पानी नहीं मिला।
यात्रियों का कहना था कि इतनी गर्मी में टंकी से पानी नहीं आने पर यात्रियों को रुपये लगाकर बोतल खरीदनी पड़ रही है। मोटर खराब होने के कारण जहां पानी नहीं आ रहा, वहीं दूसरी टंकी में पानी ठंडा नहीं है। ऐसे में यात्रियों के हित के लिए चाहिए कि पानी की टंकी को जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए।
बस स्टैंड पर यात्रियों को पीने का शुद्ध पेयजल मिले, इसके लिए 500 लीटर की क्षमता वाला आरओ प्लांट लगाया गया था, लेकिन वह पानी पीने योग्य नहीं है। हालांकि बस अड्डे पर लगाए गए सबमर्सिबल पर 23 लाख रुपये खर्च किए गए थे लेकिन पानी पीने लायक नहीं होने के कारण 23 लाख रुपये की राशि बर्बाद हो गई।
इसके बाद सामाजिक संगठन ने वाटर चिल्लर प्लांट लगाया गया था, जिससे यात्रियों को गर्मी के मौसम में ठंडा पानी मिल सके, लेकिन बुधवार शाम को टंकी की मोटर खराब हो गई। ऐसे में यात्रियों को ठंड पानी नहीं मिला।
बस अड्डा पर लगी टंकी की मोटर खराब है। यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मोटर को जल्द ही ठीक करवाया जाएगा।
-राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद