14जेएनडी12-पुलिस गिरफ्त में हत्या करने का आरोपी। स्रोत पुलिस
जींद। सीआईए नरवाना की टीम ने घोघड़ियां गांव में नाग पंचमी के दिन मेले में की गई युवक की हत्या के मुख्यारोपी सचिन उर्फ बिहारी को काबू किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए मुम्बई के ठाने क्षेत्र में छिपा हुआ था।
घोघड़ियां गांव में 28 अगस्त को नाग पंचमी के दिन मेला लगा हुआ था। इस दौरान गांव का ही 32 वर्षीय गोविंदा भी अपने परिजनों के साथ मेले में पूजा करने गया था। वह पूजा के बाद परिजनों के साथ मेले में पहुंचा तो छह-सात युवकों ने उस पर पेचकस और अन्य तेजधार चीजों से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया लेकिन परिजन उसे हिसार के एक निजी अस्पताल ले गए जहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
सीआईए और थाना उचाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल चार आरोपियों को काबू कर लिया था लेकिन मुख्य आरोपी सचिन उर्फ बिहार गिरफ्तारी से बचने के लिए महाराष्ट्र में जा छिपा था। सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी सचिन महाराष्ट्र छिपा हुआ है। सीआईए टीम ने मुम्बई क्राइम ब्रांच से संपर्क कर ठाने में छापेमारी कर आरोपी कोे काबू कर लिया है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।