04जेएनडी25: विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिग। संवाद
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय कला प्रदर्शनी का सोमवार को समापन हुआ। प्रदर्शनी के अंतिम दिन भी विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कला कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। मूर्तिकला, पेंटिंग और स्केचिंग जैसी विभिन्न विधाओं में तैयार की गई कलाकृतियों ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कुलपति प्रो. राम पाल सैनी ने कहा कि कला समाज का दर्पण होती है। इस तरह के आयोजन न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारते हैं बल्कि उनमें संवेदनशीलता और सामाजिक चेतना का भी विकास करते हैं।
डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. विशाल वर्मा और प्रो. कुलदीप नारा ने कहा कि कला समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी कला के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को उजागर करने के लिए प्रोत्साहित किया।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश बंसल ने कहा कि ऐसे मंचों से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें नई ऊंचाइयों तक जाने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर ओएसडी डॉ. विजय कुमार, डॉ. अतुल सहारनपुर और वीरेंद्र आचार्य ने भी कलाकृतियों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ललित कला विभाग के संकाय सदस्यों ने भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजन जारी रखने का संकल्प लिया।
04जेएनडी25: विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिग। संवाद