जींद। लघु सचिवालय के सभागार में डीसी मोहम्मद इमरान रजा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम के तहत ड्रग फ्री हरियाणा का संदेश लेकर साइक्लोथॉन 2.0 साइकिल यात्रा नशा मुक्ति अभियान के तहत 23 अप्रैल को जिला कैथल से जींद में प्रवेश करेगी।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि इस अभियान में हिस्सेदारी निभाते हुए नशे के विरुद्ध जन भागीदारी सुनिश्चित करें। साइक्लोथॉन 2.0 में शामिल होने के लिए सरकार की ओर से एक पंजीकरण लिंक जारी किया गया है, जहां इच्छुक व्यक्ति लिंक के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशा मुक्त हरियाणा की मुहिम को सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और इसके खिलाफ एकजुट होकर साइक्लोथॉन के माध्यम से जागरूकता फैलाने का यह एक सुनहरा मौका है। सभी को इस मुहिम में भाग लेना चाहिए ताकि लोगों को नशा नहीं करने के लिए प्रेरित किया जा सके। साइक्लोथॉन 23 अप्रैल को जिला कैथल से कलायत, नरवाना और उचाना होते हुए जींद में प्रवेश करेगी और 24 अप्रैल को जिला जींद से नारनौंद होते हुए बरवाला जाएगी। इस मौके पर एसपी राजेश कुमार, एडीसी विवेक आर्य, एसडीएम सत्यवान मान, एसडीएम जगदीश, डीएमसी गुलजार मलिक, जिला परिषद सीईओ अनिल दून भी मौजूद रहे।