नरवाना। फरैण कलां गांव के एक मकान में घुसकर तेजधार हथियारों से फौजी पर हमला करने और मकान में तोड़फोड़ करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने गांव के ही मदन, नौरंग, बहादुर, राहुल, विकास, तरसेम, पवन, रामभज, राकेश और संजय को नामजद कर तीन-चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फरैण कलां निवासी पवन ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सीआरपीएफ में कार्यरत है और वह छुट्टी पर घर आया हुआ है। 13 जनवरी शाम को गांव का ही राहुल उनके घर के पास मंडरा रहा था, जब उसने कारण पूछा तो वह लड़ाई करने लगा और उसके साथ हाथापाई की। जब उन्होंने उसके परिजनों को कहा तो वह भी मारपीट करने पर उतारू हो गए। इसके बाद उसने रविवार सुबह उनके खिलाफ सदर थाना में शिकायत दी और दोपहर को घर आ गया। जब वह अपनी छत्त पर बैठा था तो उसने शोर शराबा सुनाई दिया। उसने देखा कि गांव का ही मदन, विकास, राहुल, बहादुर, पवन, रामभज, राकेश, तरसेम, नौरंग, संजय और तीन-चार अन्य तेजधार हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुस गए। वह तुरंत पीछे से मकान की दीवार फांदकर भाग गया। उसके द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर बदमाश जान से मारने की धमकी देकर पिस्तौल और तेजधार हथियार लहराते हुए भाग गए। आरोपियों ने गाड़ी के शीशे तोड़ डाले और घर में भी तोड़-फोड़ कर गए। आरोप लगाया कि उनके पास लाइसेंसी पिस्तोल है और वह कई बार पिस्तोल की धौंस दिखाकर धमकी दे चुके हैं।
इस मामले में मदन, नौरंग, बहादुर, राहुल, विकास, तरसेम, पवन, रामभज, राकेश और संजय को नामजद कर तीन-चार अन्य के खिलाफ घर में घुसकर तोड़-फोड़ करने, हमला करने के आरोप में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -ऋषिपाल, प्रभारी, सदर थाना नरवाना