जींद। नागरिक अस्पताल में सुविधाओं और व्यवस्थाओं को जांचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की क्वालिटी टीम दिसंबर महीने में दौरा करेगी। इस निरीक्षण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। श्ुाक्रवार को पीएमओ डॉ. जितेंद्र कादियान ने एमएस, डिप्टी एमएस, एसएमओ व एमओ की बैठक ली। इस बैठक में विभाग इंचार्ज, नर्सिंग स्टाफ भी मौजूद रहा।
डॉ. जितेंद्र कादियान ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में व्यवस्था को लेकर किसी तरह की कोई कमी नहीं रहे। अव्यवस्था को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्वालिटी टीम के आने से पहले जो भी कमियां हैं, उसे पूरा कर लिया जाए। पीएमओ ने कहा कि जहां भी जो कुछ कमी है, उसकी सूची तैयार कर उसे अभी से दूर करने की कवायद की जाए। यदि कोई बड़ी परेशानी है तो वह अधिकारियों के संज्ञान में लाकर उसे भी तुरंत प्रभाव से दूर करवाया जाए।
बैठक में अस्पताल में जल्द दोबारा से दवाइयों के लिए टोकन व्यवस्था शुरू करने को लेकर विचार विमर्श हुआ। टोकन व्यवस्था शुरू करने के लिए डिस्प्ले स्क्रीन मशीन व अन्य उपकरणों को खरीदा जागा। पीएमओ डॉ. जितेंद्र ने सभी विभाग इंचार्ज को निर्देश दिए हैं कि वह अपने विभागों में स्वच्छता को लेकर विशेष ध्यान रखें। अस्पताल में आने वाले मरीजों को उपचार के लिए किसी तरह की कोई परेशानी न आएं। इसके अलावा रिकार्ड को भी सही तरीके से तैयार रखा जाए।