जींद। आने वाले दिनों में शहर का विकास और अधिक तेजी से होगा। इसके लिए सरकार द्वारा शहर के विकास के लिए करीब 18 करोड़ रुपये की सौगात दी गई है। इसके तहत जहां पांच साल साल से उपेक्षित पड़े जींद के एकलव्य स्टेडिय में सिंथेटिक ट्रैक बनाया जाएगा, वहीं करीब ढाई करोड़ रुपये लोको कॉलोनी में नई सीवर लाइन डाली जाएगी। यहां सीवर लाइन काफी पुरानी हो चुकी है। इसके अलावा शहर में 51 नए काम भी किए जाएंगे, जिनमें कॉलोनियों में गलियों को पक्का करना प्रमुख है।
जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने शनिवार को पुरानी सब्जी मंडी स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि इससे पहले नरवाना में ही सिंथेटिक ट्रैक की सुविधा थी। ऐसे में जींद से भी काफी खिलाड़ी अभ्यास करने के लिए नरवाना जाते हैं। अब जींद में ही यह सुविधा मिल सकेगी। इस पर छह करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा स्टेडियम में बने स्वीमिंग पूल को भी दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने जींद शहर के विकास के लिए 18 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। इससे लोको कॉलोनी की नई सीवर लाइन पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी प्रकार अर्बन इस्टेट, डिफेंस कॉलोनी व सेक्टर 11 में पुरानी सीवर लाइन को बदला जाएगा। इस पर भी दो करोड़ 50 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। एक करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से गोहाना रोड पर बस स्टैंड तक सड़क के साथ लगते रास्ते को पक्का किया जाएगा। इसके अलावा शहर की विभिन्न कॉलोनियों में गलियों, नालियों का निर्माण करवाया जाएगा। सफीदों रोड से मिनी बाईपास पर सड़क के साथ कच्ची जगह को भी पक्का किया जाएगा। इससे इस रास्ते का सुंदरीकरण हो सकेगा।
पार्कों को भी होगा सुंदरीकरण
विकास कार्यों के लिए 11 लाख 18 हजार रुपये खर्च कर अर्बन इस्टेट के दो पार्कों का भी सुंदरीकरण करवाया जाएगा। विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि मकान नंबर 1331 व 2707 के सामने वाले पार्कों को ठीक करवाया जाएगा। इसमें एक पार्क पर पांच लाख 18 हजार रुपये तो दूसरे पर छह लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
खराब स्ट्रीट लाइटों को लेकर करेंगे मीटिंग
शहर की खराब स्ट्रीट लाइटों व सीसीटीवी कैमरे के सवाल पर विधायक ने कहा कि स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उनकी जानकारी में है। इसको लेकर अधिकारियों से बात भी की गई है। काफी जगह पर स्ट्रीट लाइट ठीक हुई हैं और सोमवार को वे अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें सभी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के आदेश दिए जाएंगे।