08जेएनडी02: नेशनल मींस कम मेरिट परीक्षा परिणाम के विद्यार्थियों को माला पहनाकर सम्मानित करते ह
जींद। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामराय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा एनएमएमएस में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परीक्षा में विद्यालय की छात्रा सुनिधि ने जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं निधि ने द्वितीय, खुशप्रीत ने चौथा और रितिका ने सातवां स्थान प्राप्त कर टॉप टेन में जगह बनाई।
इनके अलावा सरिता, मानवी, उमंग, पावनी, यशमी और हरदीप आदि ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। विद्यालय प्रशासन ने विजय रैली निकाली। तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर विद्यार्थियों, महिलाओं और शिक्षकों ने पोखरी खेड़ी, बागनवाला, गुलकनी और राजपुरा भैण गांव का भ्रमण किया। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और मिठाई के साथ बच्चों का स्वागत किया। महिलाओं ने सफल विद्यार्थियों को आशीर्वाद के साथ उपहार भी भेंट किए।
प्राचार्य ज्योति शर्मा ने कहा कि मोबाइल के दौर में भी इन बच्चों ने मेहनत से यह मुकाम पाया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम ऐसे समय आया है जब दाखिला प्रक्रिया चल रही है जिससे प्रेरित होकर क्षेत्र के अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूल में करवाएंगे। कंप्यूटर अध्यापक कुलबीर सिहाग ने बताया कि टॉप टेन में चार छात्राओं का आना स्कूल के लिए गौरव की बात है।
स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान मुकेश रामराय ने कहा कि इस सफलता से न केवल स्कूल का नाम रोशन हुआ है बल्कि अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। कार्यक्रम के अंत में सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।