शहर के अंदर बस चलाने को लेकर विद्यार्थियों का हंगामा, तोड़फोड़
चालक ने बस ले जाने का प्रयास किया तो पथराव कर तोड़े शीशे, चालक से मारपीट भी की
पुलिस ने बल प्रयोग कर विद्यार्थियों को खदेड़ा, 14 नामजद समेत कुल 100 के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। शहर के अंदर से बसें चलाने की मांग को लेकर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने शुक्रवार की सुबह नये बस अड्डे पर तीन घंटे तक हंगामा किया। इस दौरान विद्यार्थी अपनी मांग को लेकर बस अड्डे के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए और रास्ता बंद कर दिया। इसके बाद नेशनल हाईवे को बस अड्डे के सामने ही जाम कर दिया। इसी बीच एक रोडवेज बस का चालक बस ले जाने का प्रयास किया तो विद्यार्थी भड़क गए और पत्थर बरसाकर बस के शीशे तोड़ दिए। चालक के साथ मारपीट की गई।
विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने शुक्रवार की सुबह शहर में बस चलाने की मांग को लेकर रोडवेज जीएम से मिलने का कार्यक्रम तय किया था। वे जीएम के साथ मिलकर शिक्षण संस्थानों तक बस की सुविधा शुरू करवाने की मांग करने वाले थे लेकिन कार्यालय में रोडवेज जीएम नहीं मिले। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जीएम नहीं पहुंचे तो विद्यार्थी भड़क गए और नारेबाजी शुरू कर दी। विद्यार्थियोें ने बस अड्डे के गेट पर ताला जड़कर शिक्षण संस्थानों तक बस चलवाने का लिखित में आश्वासन मांगा लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने बस अड्डे के सामने बाईपास को भी जाम कर दिया जिससे हालात बिगड़ गए। विद्यार्थियों ने धरना देकर बस अड्डे का रास्ता जाम कर दिया। इस दौरान एक बस चालक बस ले जाने का प्रयास किया तो छात्रों ने पथराव कर बस के शीशे तोड़ दिए।
हंगामे की सूचना पर डीएसपी धर्मबीर, रोहताश ढुल, सिविल लाइन व शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने तोड़फोड़ कर रहे छात्रों को खदेड़ दिया। इसके बाद तनाव को देखते हुए बस अड्डे की सुरक्षा के लिए सभी गेटों तथा बसों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। इस हंगामे के दौरान लगभग तीन घंटे तक बसों का आवागमन बाधित रहा और यात्रियों तथा हाईवे पर गुजरने वाले वाहनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने कुछ विद्यार्थियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने 14 नामजद समेत कुल 100 के खिलाफ मारपीट करने, तोड़फोड़ करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, नेशनल हाइवे बाधित करने आदि धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाक्स
ऑटो का किराया महंगा तो सिटी बस में पास मान्य नहीं
विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक जाने के लिए किराये की दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा है। एक तो विद्यार्थियों को बस पास की फीस भरनी पड़ रही है। वहीं रोडवेज ने इन पास को सिटी बस में मान्य नहीं किया है। ऑटो में एक तरफ का किराया 20 रुपये देने पड़ कगे हैं। इससे विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। इसे लेकर विद्यार्थी रोडवेज जीएम को चार बार मिल भी चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है।
बाक्स
शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को हो रही परेशानी
शहर के अंदर राजकीय महाविद्यालय, महिला महाविद्यालय, हिंदू कन्या कॉलेज, एसडी स्कूल, हैप्पी स्कूल, लॉर्ड शिवा स्कूल समेत दर्जनभर से ज्यादा शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के अंदर सिटी बस सेवा शुरू की गई है लेकिन छात्रों के बस पास मान्य नहीं है। निजी बसों में भी छात्र-छात्राओं का पास मान्य नहीं है।
कोट
बस अड्डे पर हंगामा करने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, तोड़फोड़ करने, रास्ता रोकने व चालक के साथ मारपीट करने के आरोप 14 विद्यार्थियों को नामजद कर 100 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।-राजेश सिविल लाइन थाना प्रभारी।
फोटो कैप्शन
08जेएनडी10: रोडवेज की बस का हंगामा कर रहे विद्यार्थियों द्वारा तोड़ा गया शीश।
08जेएनडी11: हंगामा कर रहे विद्यार्थी को पकडक़र ले जाती पुलिस।
08जेएनडी12: बस अड्डे के गेट पर ताला जडक़र खड़े विद्यार्थी।
08जेएनडी13: बस अड्डे के गेट के पास दिवारों पर चढ़े विद्यार्थी।
08जेएनडी14: बस अड्डे के बाहर हाइवे को जाम कर रहे विद्यार्थी।