जींद। सुपर 100 लेवल 1 की परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब विद्यार्थियों को लेवल 2 की परीक्षा की तिथि घोषित होने का इंतजार है। सुपर 100 लेवल 2 की परीक्षा का शेड्यूल अभी तक जारी नहीं किया गया है। सुपर 100 लेवल-1 का परीक्षा परिणाम मार्च माह के दूसरे सप्ताह में जारी हुआ था। इसमें जिले के 158 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
अभी सुपर-100 लेवल-2 की परीक्षा शेड्यूल को लेकर कोई अपडेट नहीं आई है। ऐसे में देर से सुपर-100 लेवल-1 का परिणाम देरी से आने पर आगे का शेड्यूल बिगड़ गया है। इसके चलते लेवल-2 की परीक्षा भी देरी से होने की आशंका है। पहले चरण में सुपर-100 की परीक्षा पांच फरवरी को जिले में अलग-अलग दस परीक्षा केंद्रों पर हुई थी। 2403 में से 2201 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी और 202 विद्यार्थी गैर हाजिर रहे थे। अब लेवल-1 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को लेवल-2 की परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा। हालांकि सपुर-100 लेवल-1 की का परिणाम 20 फरवरी को जारी होना था, लेकिन देरी से परिणाम जारी होने पर दूसरे चरण की परीक्षा शुरू होने की तिथि गड़बड़ा सकती है। बता दें कि सुपर-100 के तहत परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी को जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। सुपर-100 स्कूल शिक्षा विभाग और विकल्प फाउंडेशन की ओर से शुरू किया गया कार्यक्रम है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण की नींव डालना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को केंद्रों पर ऑनलाइन माध्यम से कोचिंग दी जाती है। इसके अलावा ड्रेस, निशुल्क वर्दी, पाठ्य पुस्तकें सहित अन्य पाठ्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाती है।
बॉक्स
सुपर-100 का पहले यह था शेड्यूल
प्रथम चरण की परीक्षा 5 फरवरी
परीक्षा का परिणाम 20 फरवरी
दूसरे चरण की परीक्षा पांच अप्रैल
परीक्षा का परिणाम 30 अप्रैल
नया बैच प्रारंभ पांच मई
बॉक्स
सुपर-100 लेवल 2 को लेकर नहीं आया शेड्यूल
सुपर 100 लेवल-2 को लेकर अभी कोई शेड्यूल नहीं आया है। लेवल-1 में जिले के 158 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे। जैसे ही कोई नया शेड्यूल आएगा तो विद्यार्थियों को अवगत करवा दिया जाएगा। सुपर-100 सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए अच्छी योजना है।
रणधीर सिंह लोहान, जिला विज्ञान विशेषज्ञ।