25जेएनडी07-तहसील कार्यालय के गेट के सामने खुले में पड़ा रिकॉर्ड। संवाद
जींद। लघु सचिवालय में तहसील कार्यालय का रिकॉर्ड कर्मचारियों ने बाहर खुले में फेंक दिया है। यह रिकॉर्ड तीन-चार दिन से वहीं पड़ा है, लेकिन इस रिकॉर्ड की न तो कर्मचारियों ने दोबारा सुध ली है और न ही अधिकारियों ने पूछताछ की है। वहां से आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है, क्योंकि वह तहसील कार्यालय के गेट के बिल्कुल सामने पड़ा है।
तहसील कार्यालय के मुख्य गेट के सामने चार दिन से बड़ी-बड़ी गांठों में रिकॉर्ड बंधा पड़ा है। कई गांठों में बंधे रिकॉर्ड को खुले में फेंक दिया है। इससे जहां आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है, वहीं लोग भी तरह-तरह के सवाल कर रहे हैं। यह रिकॉर्ड रजिस्ट्री, जमाबंदी, इंतकाल और जमीन से संबंधित है।
तहसील कार्यालय में आए रमेश लोहान, सुखदेव, सतबीर सिंह, सुरेंद्र, राजबीर, राजमल का कहना है कि ऐसे में खुले में रिकॉर्ड फेंकना गलत है। यह लोगों की भावनाओं से भी खिलवाड़ है, क्योंकि जब लोग अपने कार्य कराने आते हैं तो पैसे खर्च कर कागजात पूरे करते हैं और फिर उन्हें जमा कराते हैं, लेकिन अब कर्मचारियों ने इस रिकॉर्ड को खुले में फेंक दिया है, जो कि बेहद निंदनीय है। यदि रिकॉर्ड को अंदर रखने के लिए जगह नहीं है तो उसे बाहर व्यवस्थित ढंग से रखना चाहिए, जिससे कि किसी को बुरा न लगे। उनका कहना था कि तहसील कर्मचारियों ने रिकॉर्ड का कबाड़ बना दिया है और उसे बाहर फेंक दिया है, जो कि कर्मचारियों को ऐसा नहीं करना चाहिए था।
वर्जन
कर्मचारियों को कार्यालय में बुलाकर रिकॉर्ड को खुले में डालने बारे पूछा गया है। रिकॉर्ड को व्यवस्थित ढंग से रखने बारे निर्देश जारी कर दिए हैं। रिकॉर्ड को वहां से उठा लिया जाएगा।
राजकुमार, जिला राजस्व अधिकारी जींद