हरियाणा शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम से जिले के दो विद्यार्थियों ने दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करने में सफलता पाई है। 50.29 पास प्रतिशत के साथ जींद प्रदेश में आठवें स्थान पर रहा। जिले के दो विद्यार्थियों ने टॉप तीन में प्रदेश में स्थान बनाया है। नरवाना के दनौदा कलां गांव के सुमित ने 496 अंकों के साथ प्रदेश में दूसरा और जींद के ज्ञान सरोवर विद्या मंदिर हाई स्कूल की छात्रा सोनम ने 495 अंकों के साथ प्रदेश में तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। जिले से इस बार कुल 20941 विद्यार्थियों ने 10वीं की बोर्ड की परीक्षा दी थी, जिसमें से 10532 विद्यार्थी पास हुए हैं और 9428 विद्यार्थी फेल हुए हैं। 981 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है।
शिक्षक के बेटे सुमित का मेकेनिकल इंजीनियर बनने का सपना
दनोदा गांव के छोरे सुमित ने दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में प्रदेश भर में दूसरा स्थान प्राप्त कर दनोदा गांव के साथ-साथ अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। गांव के सरस्वती स्कूल के छात्र सुमित ने 500 में से 496 अंक प्राप्त किए हैं। छात्र की इस उपलब्धि पर सरस्वती स्कूल के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है। छात्र सुमित ने बताया कि उसका लक्ष्य आईआईटी कर मैकेनिकल इंजीनियर बनने का है। उसके पिता रामकुमार शर्मा भी इसी स्कूल में हिंदी के अध्यापक हैं। माता सुनीता देवी ने बताया कि सुमित बचपन से ही पढ़ाई में होनहार है।
सेवादार की बेटी सोनम बनना चाहती हैं पायलट
दसवीं की परीक्षा में प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली जींद के जोगेंद्र नगर निवासी सोनम पायलट बनना चाहती हैं। सोमन के पिता एक सरकारी कार्यालय में अनुबंध आधार पर सेवादार की नौकरी करते हैं और मां गृहिणी हैं। सोनम की एक बड़ी व दो छोटी बहनें हैं। सोनम के पिता नरेश कुमार के अनुसार बेटी ने जो कर दिखाया है, वह उससे बहुत खुश हैं। नरेश के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटियों को पढ़ाई का पूरा मौका दिया है। बेटियों को किसी भी क्षेत्र में मौका मिले तो वेे उम्मीद से भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। स्कूल संचालक विरेंद्र ढिल्लो के अनुसार, सोनम की सफलता के पीछे उनकी लगन और स्टाफ की मेहनत है। वहीं सोनम ने भी सफलता का श्रेय अपने स्कूल स्टाफ को दिया है।
रोहिला की 22 मेरिट, 37 प्रथम श्रेणी
जुलाना के रोहिला सेकेंडरी स्कूल जुलाना ने बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। स्कूल के छात्र राहुल शर्मा ने 500 में
से 458 अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम, मीनाक्षी वर्मा ने 457 अंक प्राप्त कर द्वितीय और 443 अंकों के साथ पायल वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्याध्यापिका निर्मल रोहिला ने बताया कि स्कूल के कुल 80 विद्यार्थियों में से 22 मेरिट और 37 प्रथम श्रेणी प्राप्त हुई हैं। कई विद्यार्थियों ने मैथ्स, साइंस व अंग्रेजी में शत प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। शानदार परीक्षा परिणाम पर प्रिंसिपल निर्मल रोहिला ने टीचर्स, पेरेंट्स और बच्चों को बधाई दी।
विवेकानंद पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी छाए
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10 वी कक्षा के परीक्षा परिणाम में पिल्लूखेड़ा ब्लॉक के विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के रितिक बंसल ने 500 में से 446 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्रा रेनू व छात्र साहिल ने 445 अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया और खुशी ने 444 आंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के 68 विद्यार्थियों में से 16 विद्यार्थियों ने मेरिट प्राप्त की। प्राचार्य विक्रम कुंडू ने कहा कि विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर अपने विद्यालय व अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है।
आईपीएस बन देश सेवा करना चाहती हैं रजत
नरवाना। दसवीं के परीक्षा परिणाम में खामी का खामियाजा नरवाना की चोपड़ा पत्ती निवासी छात्रा रजत को भुगतना पड़ा है। परीक्षा परिणाम बदलते ही रजत के घर का माहौल भी बदल गया। रजत ने 490 अंक हासिल किए हैं। पहले जारी परीक्षा परिणाम में रजत को बोर्ड की मेरिट सूची में तीसरे स्थान पर दिखाया गया था, लेकिन बाद में यह सूची बदल गई। किसान की बेटी ने दसवीं की परीक्षा में प्रदेश में तृतीय स्थान पर आने के समाचार के साथ ही घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया था। छात्रा रजत ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य आईपीएस बनकर देश की सेवा करना है। आदर्श बाल मंदिर उच्च विद्यालय नरवाना की छात्रा रजत के पिता धर्म सिंह किसान हैं। परीक्षा परिणाम बदलने के बाद रजत के अनुसार उसे बहुत निराशा हुई है।
शिवालिक स्कूल 10 विद्यार्थी मेरिट में
शीतलपुरी कॉलोनी स्थित शिवालिक हाई स्कूल का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम शानदार रहा। मुख्याध्यापक वेदप्रकाश ने बताया कि स्कूल के कुल 32 विद्यार्थियों परीक्षा दी थी। स्कूल का परिणाम शत प्रतिशत रहा है। छात्रा जागृति ने 500 में से 480 अंक प्राप्त किए हैं। मुख्याध्यापक ने इस सफलता के स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों को बधाई दी है। विद्यालय प्रबंधक धर्मपाल के अनुसार मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए स्कूल खास योजना बनाएगा।