22जेएनडी08: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धुप्पड़ से मिलते हुए एसोसिएशन के
जींद। हरियाणा स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन (समाजशास्त्र) के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष उमेश वर्मा के नेतृत्व में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धुप्पड़ से शिष्टाचार भेंट कर शिक्षा व्यवस्था और समाजशास्त्र विषय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के दौरान बोर्ड परीक्षाओं और हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) से संबंधित मांगों को प्रमुखता से रखा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने बोर्ड चेयरमैन से बोर्ड परीक्षाओं में प्रश्नों की संख्या को तर्कसंगत एवं विद्यार्थियों के हित में निर्धारित करने की मांग की। साथ ही एचटेट के पीजीटी स्तर के प्रश्न-पत्र को वास्तविक पीजीटी स्तर के अनुरूप तैयार कराने का आग्रह किया। इसके अतिरिक्त समाजशास्त्र विषय की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम और शैक्षणिक विकास से जुड़े कई सुझाव भी बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
चेयरमैन शंकर लाल धुप्पड़ ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुना और उन पर सकारात्मक विचार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और परीक्षा प्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों के सुझाव महत्वपूर्ण हैं।
बैठक के बाद एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि बोर्ड चेयरमैन के साथ हुई चर्चा सकारात्मक और सार्थक रही। उन्हें उम्मीद है कि शिक्षकों और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर जल्द ही ठोस निर्णय लिए जाएंगे। इस अवसर पर एसोसिएशन की ओर से डॉ. संदीप रिढाल और अनिल कुमार भी उपस्थित रहे।