जींद। आंगनबाड़ी वर्कर का मांगों को लेकर शनिवार को दूसरे दिन भी जिला उपप्रधान संतोष बेलरखां की अध्यक्षता में विधायक आवास के बाहर धरना जारी रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री का पुतला भी जलाया। धरने पर आंगनबाड़ी वर्कर ने तीन मार्च को विधानसभा का घेराव करने की रणनीति बनाई।
धरने में उपप्रधान संतोष बेलरखां ने कहा कि मुख्यमंत्री के इशारे पर कैथल में आगंनबाड़ी वर्कर पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया। उन्होंने इस घटना की निंदा की और कहा कि विधायक आवास के बाहर मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर सरकार को महिला विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक वह पूरे प्रदेश में विधायक व सांसदों के आवास पर अपना धरना जारी रखेंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने 2018 में विधानसभा में ही घोषणा की थी कि आंगनबाड़ी वर्कर को कुशल व हेल्पर को अर्धकुशल का दर्जा दिया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आवाज दबाना चाहती है। लेकिन कार्यकर्ता अब पीछे हटने वाली नहीं हैं। धरने में सुदेश देवी, मूर्ति, कमलेश, पवन देवी, कृष्णा, इंद्रो, सुनील, रेखा, राममूर्ति, सरोज व कमला आदि शामिल रहीं।