एसडीएम को ज्ञापन सौंपते बच्चे।
- फोटो : Jind
सफीदों। आदर्श कॉलोनी स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में अध्यापकों के पद खाली पड़े हैं। इस कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने भाजपा नेता रामदास प्रजापत को साथ लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। बच्चों ने कहा कि सर कुछ कीजिए, नहीं तो फेल हो जाएंगे। एसडीएम ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में बच्चों ने कहा कि उनके विद्यालय में गणित व ड्राइंग के शिक्षक नहीं है और परीक्षाएं सिर पर हैं। इससे उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। अगर शीघ्र अध्यापकों की नियुक्ति नहीं हुई तो वह फेल हो जाएंगे। भाजपा नेता रामदास प्रजापत ने एसडीएम को बताया कि मुख्यमंत्री ने सफीदों में आयोजित रैली में इस स्कूल को पांचवीं से आठवीं तक अपग्रेड किया था। स्कूल तो अपग्रेड हो गया, लेकिन यहां पर्याप्त संख्या में अध्यापकों की नियुक्ति नहीं हुई। स्कूल में गणित व ड्राइंग अध्यापकों के काफी समय से पद खाली पड़े हैं। रामदास प्रजापत ने कहा कि अगर 12 फरवरी तक अध्यापकों की नियुक्ति नहीं हुई तो वह बच्चों को साथ लेकर एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना देंगे। एसडीएम प्रीतपाल सिंह ने ज्ञापन लेकर बच्चों को आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द से जल्द निवारण किया जाएगा।
179 विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चार सितंबर 2017 को इस स्कूल को अपग्रेड करने की घोषणा की थी। इसके बाद 22 सितंबर से शिक्षा विभाग द्वारा यहां यहां शुरू करवा दी गई। हालांकि अन्य सभी शिक्षक तैनात किए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक ड्राइंग व गणित विषय के शिक्षक नहीं आए हैं। स्कूल में छठी कक्षा में 62, सातवीं में 72 व आठवीं कक्षा में 45 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। शिक्षक नहीं होने से इनके भविष्य पर संकट है। विद्यार्थियों को अब फेल होने का डर सता रहा है।