सफीदों। वार्ड-8 में तीन नवंबर को दोपहर बाद एक व्यक्ति ने अपने घर के ऊपर बने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी रेशमा ने मृतक के चाचा और उसके दो बेटे पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। शहर थाना सफीदों पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामपुरा रोड के वार्ड-8 आठ निवासी रेशमा ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 वर्ष पहले उससे ससुर के बंटवारे में उन्हें रामपुरा रोड पर एक दुकान मिली थी। इस दुकान में उसका पति पवन सेटरिंग की दुकान चलाता था। इस दुकान पर उसके चाचा बलबीर और उसके बेटे दीपक व राजेश कब्जा करने की नीयत रखते थे। वे बार-बार उसके पति पवन को परेशान करते थे। रेशमा ने कहा कि उसके पति को कई बार यह लोग कोई नशीला पदार्थ भी पिला देते थे। इससे परेशान होकर उसके पति पवन ने तीन नवंबर दोपहर बाद ऊपर वाले कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह दवाई लेने के लिए बाहर गई हुई थी। जब वह घर पहुंची तो राजेश ऊपर से भागता हुआ नीचे आया और बोला कि अपने पति को संभाल ले। इतना कहने के बाद राजेश फरार हो गया। पुलिस ने रेशमा की शिकायत पर बलबीर, राजेश और दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उप निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।