जींद। हांसी रोड स्थित दक्ष इंटरप्राइजेज इंडस्ट्रियल एरिया में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने छापा मारकर कर बैटरी की फैक्टरी से सात घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। फैक्टरी में कामर्शियल सिलिंडर इस्तेमाल नहीं करने व अवैध रुप से घरेलू सिलिंडर प्रयोग करने पर शहर थाना पुलिस ने फैक्टरी मालिक के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि हांसी रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में बैटरी की फैक्टरी में घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग कामर्शियल तौर पर किया जा रहा है। इस सूचना पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग के एईई मनीष कुमार के साथ फैक्टरी में छापा मारा। वहां पर बैटरियोें को बनाने के लिए कामर्शियल की जगह रसोई गैस सिलिंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था।
उड़नदस्ते के छापे के दौरान दो भरे हुए और पांच खाली घरेलू गैस सिलिंडर मिले। इसके अलावा फैक्टरी में प्रदूषण नियंत्रण के कार्य में भी खामियां मिलीं। जांच अधिकारी एसआई पूजा ने बताया कि फैक्टरी संचालक श्याम नगर निवासी चिमन लाल को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा कर दिया। मामले की जांच की जा रही है।