जींद। डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ उसे हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। अच्छा इंसान बनना ही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है और ईमानदारी, विनम्रता, संवेदनशीलता और गुरुजनों व माता-पिता के प्रति सम्मान सफलता की मजबूत नींव हैं।
बुधवार को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, खुंगा कोठी के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं डीसी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वहीं विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
संबोधन में डीसी ने कहा कि निरंतर प्रगति के लिए अनावश्यक इच्छाओं और आकर्षणों का त्याग आवश्यक है। सफलता उन्हीं लोगों को मिलती है जो कठिन परिश्रम, अनुशासन और समय के सदुपयोग को अपनी आदत बना लेते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी किसी भी दृष्टि से कम प्रतिभाशाली नहीं हैं। यदि उन्हें उचित अवसर और सही मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से नवोदय विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवासीय व्यवस्था, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं तथा अन्य संसाधनों का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया। समारोह में विद्यालय की प्राचार्य अनिला श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी देवी, शिक्षक, पूर्व छात्र, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
पूर्व छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा किए
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के पूर्व छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय ने उन्हें केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जीवन मूल्यों का भी अमूल्य पाठ पढ़ाया। पूर्व छात्रों ने वर्तमान विद्यार्थियों से विद्यालय की सभी सुविधाओं का सदुपयोग करते हुए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
फोटो 05जेएनडी09-पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खुंगा कोठी के स्थापना दिवस समारोह में विद्यार्थ- फोटो : नहर में कूदे अवधेश को बचाकर ले जाते लोग एवं यातायात पुलिस। स्रोत वीडियो ग्रैब
फोटो 05जेएनडी09-पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खुंगा कोठी के स्थापना दिवस समारोह में विद्यार्थ- फोटो : नहर में कूदे अवधेश को बचाकर ले जाते लोग एवं यातायात पुलिस। स्रोत वीडियो ग्रैब