जींद। ठंड को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियों को लेकर स्कूल संचालक असमंजस में हैं। शिक्षा निदेशालय की तरफ से तीसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों की छुट्टियां 22 जनवरी तक बढ़ा दी हैं, जबकि अन्य कक्षाओं की छुट्टियों को लेकर संबंधित जिले के डीसी को निर्णय लेना होगा। हालांकि तापमान में काफी गिरावट है और ठंड का दौर जारी है, लेकिन दिन में अच्छी धूप खिलने से ज्यादा ठंड का अहसास नहीं हो रहा। इसलिए जींद जिले में तीसरी कक्षा तक की छुट्टियां रहेंगी, बाकी कक्षाएं नियमित रूप से लगेंगी। इसके लिए स्कूल के समय में बदलाव किया गया है। सुबह 10 बजे स्कूल खुलेंगे, जो शाम चार बजे तक लगेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी विजय लक्ष्मी में बताया कि दिन के समय धूप निकलने से ठंड से काफी राहत मिलती है। ऐसे में यदि छुट्टियां की जाएंगी तो बच्चों की पढ़ाई का नुकसान होगा। यह पढ़ाई का समय है। दो महीने बाद बच्चों की परीक्षाएं हैं। इसलिए इस समय छुट्टियां करना उचित नहीं है। फिलहाल तीसरी कक्षा तक के बच्चों की 22 जनवरी तक छुट्टियां की गई हैं। इससे आगे की सभी कक्षाएं सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक लगेंगी। यदि ठंड ज्यादा होती है तो बाद में भी छुट्टियों का निर्णय लिया जा सकता है। सभी स्कूल मुखियाओं को बच्चों को ठंड से बचाने के पुख्ता इंतजाम करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।