जींद। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम योजना शुरू की है। इसको विद्यार्थी सीबीएसई की वेबसाइट से भी डाउनलोड कर सकते हैं। सीबीएसई की फरवरी में परीक्षा शुरू होने की उम्मीद है। जिलेभर में सीबीएसई से संबंधित 76 स्कूल हैं। इनमें लगभग 20 हजार विद्यार्थी दसवीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड की परीक्षा देंगे। बोर्ड परीक्षा में कौशल विषयों में भी विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
यह सैंपल प्रश्नपत्र परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की राह को आसान करने का काम करते हैं। इनसे परीक्षाओं का अंदाजा आता है। बोर्ड की तरफ से यह निशुल्क उपलब्ध करवाए जाते हैं। इनको विद्यार्थी आसानी से डाउनलोड करके अभ्यास कर सकते हैं। पेपर की मार्किंग स्कीम में यह पता चलता है कि किस प्रश्न को हल करने पर कितने अंक मिलेंगे। ड्रॉप डाउन मेन्यू से कक्षा दसवीं या 12वीं का चयन करना होगा। इसके बाद नया पेज खुलेगा। उसमें हर विषय के हिसाब से सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम होगी। वेबसाइट के होम पेज पर सैंपल प्रश्न पत्र पर क्लिक करें। जिन विषयों के सैंपल पेपर की जरूरत है वह उसके लिंक को सेव कर सकता है।
परीक्षा की मिलेगी जानकारी
सीबीएसई की तरफ से इस बाद 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए सैंपल पेपर और मार्किंग योजना शुरू की गई है। विद्यार्थी सीबीएसई की वेबसाइट से डाउनलोड कर अभ्यास कर सकते हैं। यह सैंपल पेपर विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने में काफी मददगार साबित होंगे। -रीटा अरोड़ा, प्राचार्य महाराजा अग्रसेन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जींद।