जींद। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए राज्यव्यापी लेटर टू आवर सोल्जर्स देश के रक्षकों के नाम सलाम विषय पर पत्र लेखन प्रतियोगिता शुरू की गई है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार यह अभियान 6 से 14 अगस्त 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, भारतीय सेना के प्रति सम्मान और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है।
प्रतियोगिता से पहले शिक्षक विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, भारतीय सशस्त्र बलों के योगदान, अनुशासन, साहस और राष्ट्र सेवा जैसे विषयों पर आयु के अनुरूप जानकारी देंगे। इसके बाद विद्यार्थी एक सैनिक के नाम पत्र विषय पर अपने विचार लिखेंगे।
पत्रों में बच्चे सैनिकों के प्रति आभार, उनके साहस से प्रेरणा, अपने प्रश्न और देश सेवा का संकल्प व्यक्त कर सकेंगे। निदेशालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिक्षक बच्चों को तैयार पत्र या वाक्य न लिखवाएं, बल्कि उनकी मौलिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करें।
प्रतियोगिता के लिए शब्द सीमा भी कक्षा के अनुसार तय की गई है। कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों को 50-60 शब्द, चौथी के विद्यार्थियों को 60-80 शब्द तथा पांचवीं के विद्यार्थियों को 80-100 शब्दों में पत्र लिखना होगा। मूल्यांकन में मौलिकता, विचारों की स्पष्टता, भाषा, देशभक्ति की भावना और रचनात्मक प्रस्तुति को आधार बनाया जाएगा।
जिला स्तर से चुने जाएंगे श्रेष्ठ पत्र, शीर्ष 100 पत्र भारतीय सेना को भेजे जाएंगे
लेटर टू आवर सोल्जर्स पत्र लेखन प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित होगी। सबसे पहले स्कूल स्तर पर प्रत्येक कक्षा से तीन-तीन श्रेष्ठ पत्र चुनकर कुल नौ पत्र क्लस्टर स्तर पर भेजे जाएंगे। इसके बाद क्लस्टर, ब्लॉक और जिला स्तर पर चयन होगा। जिला स्तर पर प्रत्येक कक्षा से तीन सर्वश्रेष्ठ पत्र चुने जाएंगे। सभी जिलों से चयनित कम से कम 100 उत्कृष्ट पत्र भारतीय सेना के मुख्यालय और विभिन्न सैन्य इकाइयों को भेजे जाएंगे। पिछले वर्ष भी दो हजार से अधिक विद्यार्थियों के पत्र सेना तक पहुंचे थे जिन पर सैनिकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी।
7 अगस्त से शुरू होगी चयन प्रक्रिया, 15 अगस्त को सम्मानित होंगे विजेता
जिला समन्वयक एफएलएन राजेश वशिष्ठ ने बताया कि प्रतियोगिता का कार्यक्रम भी तय कर दिया गया है। 7 अगस्त को स्कूल स्तर, 10 व 11 अगस्त को क्लस्टर स्तर, 12 अगस्त को ब्लॉक स्तर और 13 अगस्त को जिला स्तर पर चयन प्रक्रिया पूरी होगी। 14 अगस्त तक चयनित पत्र सेना को भेज दिए जाएंगे। वहीं 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सेवारत एवं पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल से बच्चों में सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूती मिलेगी।