13जेएनडी19-खुली जीप में मेडल दिखाते हुए खिलाड़ी साहिल। स्रोत ग्रामीण
अलेवा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को सम्मान समारोह कार्यक्रम हुआ। इसकी अध्यक्षता गांव के सरपंच धर्मबीर और सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप ने की। ब्लॉक समिति चेयरमैन राहुल ने भाग लिया। इस दौरान नगूरां गांव के साहिल दलाल का 72वीं सीनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने पर स्वागत किया।
साहिल को खुली जीप में वाहनों के काफिलों के साथ नगूरां बस स्टैंड से आयोजित स्थल तक लाया गया। विजेता खिलाड़ी को गांव वालों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कोच प्रवीण ने बताया कि नगूरां निवासी साहिल दलाल ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित 72वीं सीनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे की तरफ से खेलते हुए केरला को 3-0 से हराकर टीम को प्रथम स्थान हासिल किया है। साहिल पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर वालीबाॅल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुका है।
मुख्य अतिथि राहुल ने कहा कि वालीबाॅल साधारण खेल नहीं है। यह एक संतुलन का खेल है। साहिल ने खेल में प्रथम स्थान प्राप्त कर गांव के नाम को राज्य व राष्ट्रीयस्तर पर चमकाने का काम किया है। राहुल ने गांव के दूसरे खिलाड़ियों को भी इस खिलाड़ी से प्ररेणा लेकर खेलने की बात कही। इस अवसर पर अशोक दलाल, धर्मबीर, भीम दलाल, मा. प्रताप, कपूर सिंह मौजूद रहे।