27जेएनडी24: लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे ग्रामीण सफाई कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Samvad
जींद। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को 13वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने लघु सचिवालय परिसर में धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता उचाना ब्लॉक प्रधान साहब सिंह और पिल्लूखेड़ा ब्लॉक प्रधान कपूर सिंह ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन जिला सचिव पवन कुमार ने किया। सीटू जिला उपाध्यक्ष कॉमरेड कपूर सिंह ने कहा कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो 31 मई को डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के आवास पर जिलेभर के ग्रामीण सफाई कर्मचारी बड़ा प्रदर्शन करेंगे। पिछले 19 वर्षों से ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का लगातार शोषण किया जा रहा है।
कर्मचारियों को न तो स्थाई किया गया और न ही मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 26 हजार रुपये मासिक वेतन लागू किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की अनदेखी के कारण कर्मचारियों को भीषण गर्मी में हड़ताल करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 24 नवंबर 2024 को डीएससी सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने वेतन बढ़ोतरी की घोषणा की थी, जबकि 11 जून 2025 को 2100 अतिरिक्त बढ़ाने की बात कही गई थी, लेकिन आज तक इसका लाभ कर्मचारियों को नहीं मिला। इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जींद ब्लॉक प्रधान मंदीप नेहरा, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला सचिव राजकुमार श्योकंद और राज्य सचिव आजाद पांचाल मौजूद रहे।