जींद। नियम 134-ए के तहत निजी स्कूलों में विद्यार्थियों को दाखिला देने की समय अवधि समाप्त होने को लेकर विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी भी असमंजस की स्थिति में हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शनिवार शाम तक निदेशालय द्वारा देर शाम तक कोई नए निर्देश नहीं मिले हैं। अभी कुछ कहना मुश्किल है।
रविवार को भी नए निर्देश निदेशालय द्वारा जारी किए जा सकते हैं। ऐसे में स्थिति उसके बाद ही स्पष्ट होगी। हालांकि पहले जारी निर्देशानुसार 15 जनवरी तक सभी विद्यार्थियों के दाखिले होने थे। नियम 134-ए के तहत जिले में पास हुए 1915 विद्यार्थियों में से शनिवार तक 150 विद्यार्थियों के दाखिले रद्द हो चुके हैं। इसके अलावा 1100 से अधिक विद्यार्थियों के दाखिले हो चुके हैं। जिले में अभी भी लगभग 650 विद्यार्थियों के दाखिले होने बाकी हैं। ऐेेसे में 650 विद्यार्थी भी अभी असमंजस की स्थिति में हैं। गौरतलब है कि 16 दिसंबर को नियम की परीक्षा का परिणाम जारी किया गया था।
जिलेभर में 1915 विद्यार्थी पास हुए थे। 24 दिसंबर तक विद्यार्थियों को दाखिला लेने का समय दिया गया था। ज्यादातर निजी स्कूल विद्यार्थियों को दाखिला नहीं दिया जा रहा था। ऐसे में निदेशालय ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए 31 दिसंबर तक दाखिले की तारीख को बढ़ा दिया था। इसके बाद सात जनवरी और फिर 15 जनवरी तक दाखिला लेने की तारीख को बढ़ाया गया था। शनिवार को विद्यार्थियों के पास दाखिला लेने का आखिरी दिन था। वहीं देर शाम तक निदेशालय द्वारा दाखिले की तारीख बढ़ाने को लेकर कोई सूचना जारी नहीं की गई है। ऐेसे में अभी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
सोमवार को ही होगा कुछ तय
नियम 134-ए की दाखिला तारीख बढ़ने को लेकर या फिर कोई अन्य सूचना देर शाम तक निदेशालय द्वारा जारी नहीं की गई है। ऐसे में अभी कुछ नहीं कह सकते। आने को तो नए निर्देश रविवार को भी आ सकते हैं। सोमवार को कुछ निश्चित तय हो पाएगा। अगर इससे पहले कोई नए निर्देश आते हैं तो विद्यार्थियों को उस हिसाब से अवगत करवा दिया जाएगा।
- सुशील कुमार जैन, खंड शिक्षा अधिकारी जींद