जुलाना। मेहरड़ा गांव स्थित पशु अस्पताल में बुधवार सुबह दो नकाबपोशों ने पिस्तौल के बल पर अटेंडेंट से 900 रुपये की नकदी व मोबाइल फोन लूट लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में लजवाना खुर्द गांव निवासी आशीष ने बताया कि वह मेहरड़ा गांव के पशु अस्पताल में एनिमल अटेंडेंट के पद पर कार्यरत है। बुधवार सुबह 11:40 बजे वह अस्पताल में कुर्सी पर बैठा हुआ था, तभी दो बदमाश मुंह ढके हुए वहां पहुंचे। उन्होंने पिस्तौल के बल पर मोबाइल फोन और 900 रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। आशीष ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जुलाना थाना प्रभारी समरजीत सिंह ने बताया कि दो बदमाश पैदल ही पशु अस्पताल में आए थे और पिस्तौल के बल पर मोबाइल फोन व नकदी छीन ले गए। इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।