जींद। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने मांगों को लेकर शुक्रवार को बस अड्डे पर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने परिवहन मंत्री के नाम महाप्रबंधक राहुल जैन को ज्ञापन दिया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इस दौरान अनूप लाठर, संदीप रंगा, राममेहर रेढू, सोमबीर जांगड़ा, जितेंद्र लाठर, अनिल गौतम और रघबीर सिहाग ने कहा कि डिपो काफी समय से देय भत्तों का भुगतान समय पर नहीं कर रहा है। जींद डिपो का रात्रि ठहराव भत्ता अप्रैल 2025 से लंबित है। ओवरटाइम जनवरी 2026 से लंबित है। कई कर्मचारियों की एलटीसी लंबित है।
उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री अनिल विज ने पांच नवंबर 2024 को पत्र जारी कर कर्मचारियों के वेतन रात्रि ठहराव भत्ता, ओवर टाइम भत्ता, एलटीसी, शिक्षा भत्ता सहित अन्य भत्ते और लाभ समय पर देने के लिखित आदेश दिए थे।
परिवहन मंत्री के लिखित आदेशों के बाद अब भी देय भत्ते समय पर नहीं दिया जा रहा है। कभी बजट का बहाना बनाया जा रहा और कभी बजट पर कैंप लगने का बहाना। इससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। सभी मंडलों पर विरोध प्रदर्शन करके ज्ञापन देंगे।
इस अवसर पर जयभगवान खर्ब, बलकार रेढू, राजेंद्र सोलंकी, सुभाष वैध, मंदीप रेढू, प्रदीप पूनिया, प्रदीप कुंडू, वीरेंद्र सिंह, सिद्धार्थ, भीम सिंह, प्रीतम, विजय सिवाच, युद्धवीर राठी, सुदीप गिल, मनोज खटकड़, ओमबीर जांगड़ा, जयबीर और सतपाल लोहान मौजूद रहे।
इन जिलों में होगा प्रदर्शन
पांच जून को हिसार,16 जून को अंबाला, 24 जून को गुरुग्राम, दो जुलाई को रोहतक, नौ जुलाई को करनाल, 16 जुलाई को फरीदाबाद में प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया जाएगा। यदि फिर भी मांग पूरी नहीं हुई तो 25 जुलाई को परिवहन मंत्री के आवास अंबाला छावनी पर प्रदर्शन करके न्याय मार्च किया जाएगा।