जींद। जन-संवाद, सीएम विंडो, समाधान शिविर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाए। आमजन की समस्याओं का प्रभावी और समय पर समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के समाधान की प्रगति की समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने विभागवार शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निपटान करने के निर्देश दिए।
इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों और संबंधित अधिकारियों के साथ जन-संवाद, समाधान शिविर और अन्य शिकायत पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निपटान की समीक्षा की। उन्होंने विकास कार्यों की भी जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निर्धारित समय में समाधान करें। जिन शिकायतों में एक से अधिक विभागों के सहयोग की आवश्यकता है, उनमें आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि शिकायतकर्ता को समय पर समाधान मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटान के बाद एक्शन टेकन रिपोर्ट भी निर्धारित समयावधि में भेजना सुनिश्चित करें। इस दौरान बैठक में एडीसी प्रदीप कुमार, एसडीएम सत्यवान मान, एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, एसडीएम जगदीश चंद्र, एसडीएम सुमन यादव, डीएमसी अनिल दून, सीटीएम मोनिका मौजूद रहे।