सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते लोग।
- फोटो : Jind
जींद। पिछले कई दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड का सितम जारी है। हालांकि बुधवार को दिन में हल्की धूप निकली, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने फिर बारिश के साथ ठंड बढ़ने की आशंका जताई है।
पिछले तीन-चार दिन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिन में धूप नहीं निकलने के कारण लोग बेहाल थे। ऐसे में बुधवार को हल्की धूप के कारण कुछ राहत मिली। दिन में अधिकतम तापमान 18 डिग्री व न्यूनतम आठ डिग्री दर्ज किया गया। वहीं दिन में अधिकांश समय बादल छाए रहे। इसके अलावा करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा के कारण ठंड और भी बढ़ गई। शाम करीब पांच बजे से ही शीत लहर शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार दिन में धूप निकलने के बाद अब वीरवार से सुबह-शाम कोहरा बढ़ने की संभावना है। बारिश के भी आसार हैं।
अलाव दे रहे ठंड से राहत
कुछ दिनों से ठंड बढ़ गई है। ऐसे में सर्दी से बचने का सहारा अलाव बन रहे हैं। बाजारों व गली-मोहल्लों में लोग झूंड बना कर अलाव जला कर सर्दी को दूर करते नजर आ रहे हैं। सुरेश, बीरबल व जगदीश ने बताया कि कोहरा इस बार तेज नहीं है। लेकिन सर्द हवा चलने से ठंड बढ़ गई है। सुबह बाजारों में देर से लोग नजर आते हैं तो शाम को भी बाजारों में ग्राहकों की भीड़ नहीं दिखाई देती है। बढ़ रही ठंड का असर बाजारों पर पड़ा है। ठंड को दूर करने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। खंड कृषि अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र ने कहा कि ठंड से फसलों को फायदा होगा। संवाद