जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में वीरवार से आठवीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हो गई। पहले दिन 200, 400 मीटर की दौड़ और लंबी कूद प्रतियोगिता हुई। चार सौ मीटर की बालक-बालिका वर्ग की दौड़ में सीआर किसान कॉलेज के रणदीप और एसडी महाविद्यालय की अंजू प्रथम रहीं।
प्रतियोगिता में सीआरएसयू से संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ कुलपति डॉ. रणपाल सिंह ने किया। खेल परिषद के सचिव डॉ. नरेश देशवाल ने बताया कि लड़कों की 800 मीटर दौड़ में छोटूराम किसान कॉलेज के रणदीप ने पहला, यूटीडी के दीपक ने दूसरा, आरजीएम उचाना के मनजीत ने तीसरा स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में केएम कॉलेज नरवाना के अमन ने प्रथम, राजकीय महाविद्यालय जींद के रोहित ने दूसरा, राजकीय कॉलेज सफीदों के अजय ने तीसरा स्थान हासिल किया। लंबी कूद में केएम कॉलेज नरवाना के वरुण कुमार ने पहला, आरजी उचाना के वेदपाल ने दूसरा तथा राजकीय कॉलेज जींद के अमन ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार महिला वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिता में यूटीडी की कीर्ति ने पहला, आरजीएम उचाना की रिंकू ने दूसरा, ओमवती कॉलेज पलवल की बबली ने तीसरा स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में राजकीय कॉलेज जींद की सीमा ने पहला, एसडी कॉलेज नरवाना की सोनिया ने दूसरा तथा केएम कॉलेज नरवाना की ईशा ने तीसरा स्थान हासिल किया। 800 मीटर दौड़ में एसडी कॉलेज नरवाना की अंजू ने पहला, एसडी नरवाना की ही ज्योति ने दूसरा तथा राजकीय कॉलेज की निशा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इस दौरान डॉ. रणपाल सिंह ने कहा कि खेल से व्यक्तित्व का निर्माण होता है। व्यक्तित्व के सभी आयाम खेल के माध्यम से पूर्ण होते हैं। सीआरएसयू खिलाड़ियों को अधिक पारितोषिक व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाता है। आठ वर्षों के अल्प समय में विश्वविद्यालय ने प्रदेश को चार-चार भीम अवॉर्डी कुमारी गुरमेल, कुमारी रितु, कुमारी रिंपी, कुमारी साक्षी व एक अर्जुन अवॉर्डी कुमारी साक्षी को दिया है।
विश्वविद्यालय खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। भविष्य में विश्वविद्यालय प्रशासन खेल के क्षेत्र की सभी जरूरतों को पूरा करेगा। जैसे इनडोर स्टेडियम, सिंथेटिक ट्रेक आदि। इस अवसर पर खेल परिषद के अध्यक्ष कैप्टन सुरेंद्र केएम कॉलेज नरवाना, डॉ. कुलदीप नारा, डॉ. कृष्ण कंपटीशन डायरेक्टर, डॉ. जसवीर, डॉ. नफे सिंह नेहरा, डॉ. राजपाल, डॉ. सतीश मलिक, मनीषा, मीना, रविंदर, संदीप, विनोद मलिक, अनुज देशवाल, अनूप कोच भी मौजूद रहे।